नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध हालात मेें युवक की मौत
राजधानी के एक और नशामुक्ति केंद्र में युवक की मौत हो गई। रायपुर थाना क्षेत्र के नेशनल फाउंडेशन केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि 23 अप्रैल की रात कोरोनेशन जिला अस्पताल से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया है। जांच में मृतक की पहचान परविंदर सिंह (38) निवासी दुर्गा नगर, नसीरपुर, अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई।बताया जा रहा है कि उसे तीन-चार दिन पहले उसके भाई तरुण उर्फ संजय ने रायपुर क्षेत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र नेशनल फाउंडेशन में भर्ती कराया था। घटना वाली रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। केंद्र के कर्मचारियों ऋृषि ठाकुर और निखिल उसे तुरंत कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक के परिजनों को सूचित किया। परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामला संदिग्ध होने के चलते पुलिस नशा मुक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली, वहां मौजूद स्टाफ और इलाज के तरीके की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।




