Home Tuition in Dehradun
उत्तराखंड

विधायकों की गोपनीय अग्निपरीक्षा, कुछ चेहरे बदल भी सकती है भाजपा, कई स्तर पर चल रहा सर्वे का काम

लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की राह आसान बनाने के लिए भाजपा ने अभी से चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। संगठन से लेकर सरकार तक कई स्तरों पर विधायकों के कामकाज और उनकी पकड़ का आकलन किया जा रहा है। इस गोपनीय परीक्षा का नतीजा टिकट बंटवारे में कई चेहरों का भविष्य तय कर सकता है।चुनाव से पहले भाजपा के विधायकों की गोपनीय अग्निपरीक्षा हो रही है। इस बार टिकट बंटवारे में इस अग्निपरीक्षा को पार करने वालों को ही भाजपा चुनावी रण में उतारेगी। 10 साल की सरकार के बाद संगठन ने ये कड़ा अनुशासनिक नियम लागू कर दिया है। लिहाजा, हो सकता है कि चुनाव में कई चेहरे बदल जाएं।

भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूरी ताकत झोंक दी है। पिछले चुनाव में मिथक तोड़कर लगातार दूसरी बार सरकार बनाने वाली भाजपा इस बार कोई भी रिस्क लेने के मूड में नहीं है। यही वजह है कि चुनाव से महीनों पहले ही पार्टी ने एक-एक सीट की माइक्रो-मैनेजमेंट शुरू कर दी है और सत्ता विरोधी लहर को मात देने के लिए कड़े नियम लागू किए हैं।सियासी गलियारों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि इस बार टिकट वितरण में किसी नेता की सिफारिश नहीं, बल्कि सिर्फ और सिर्फ जमीनी रिपोर्ट और जिताऊ क्षमता ही चलेगी। पार्टी संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर अलग-अलग एजेंसियों और गुप्त टीमों के जरिये लगातार सर्वे कराए जा रहे हैं। इन सर्वे में मुख्य रूप से तीन बातों को परखा जा रहा है। पहला विधायक अपने क्षेत्र में कितने उपलब्ध रहे और विकास के काम जमीन पर कितने उतरे। दूसरा, स्थानीय मंडल अध्यक्षों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच विधायक की छवि कैसी है। तीसरा क्षेत्र की जनता में मौजूदा विधायक को लेकर कितना असंतोष है।आंतरिक सर्वे के शुरुआती रुझानों ने कई मौजूदा विधायकों और दिग्गजों की नींद उड़ा दी है। सूत्रों की मानें तो करीब सात विधायकों की रिपोर्ट कार्ड में रेड फ्लैग लगा है। पार्टी हाईकमान ने साफ संकेत दे दिए हैं कि चुनाव से पहले सभी कील-कांटे दुरुस्त किए जाएंगे। अगर किसी सीट पर विधायक के खिलाफ जनता में भारी नाराजगी पाई जाती है, तो पार्टी बेहिचक उनका टिकट काटने से पीछे नहीं हटेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button