गूलर बस हादसा: चार बचाव एजेंसियां, एक मिशन और ऐसे बचा लीं 26 जानें, पत्थरों और डिवाइडर के नीचे दबे थे लोग

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर पुल के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। इस दौरान पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने रेस्क्यू पूरा किया।हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और फायर सर्विस के बीच बेहतर तालमेल ने 26 जिंदगियों को बचा लिया। सूचना मिलते ही सभी एजेंसियों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला और साझा रणनीति के तहत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
अलग-अलग जिम्मेदारियों के बावजूद सभी टीमों के बीच लगातार समन्वय और त्वरित कार्रवाई का नतीजा रहा कि महज सवा घंटे के भीतर घायलों और मृतकों को बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। शुरुआती मिनटों में सक्रियता और एजेंसियों का तालमेल बेहद महत्वपूर्ण निर्णायक साबित हुआ।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि हादसे की सूचना उन्हें सुबह 5.12 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों और बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर तत्काल समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को बिना देरी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचते ही सभी टीमों ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप मोर्चा संभाला और एक-दूसरे के साथ तालमेल बनाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
सवा घंटे में घायलों और मृतकों को बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। उन्होंने बताया कि वो सुबह करीब 7:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचीं। उस समय तक अधिकांश शवों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से भेजा जा चुका था। अंतिम दो शवों को एंबुलेंस तक पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही थी।




