बंद घर में चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार

नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप, गैस सिलेंडर, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी प्रिंस सैनी के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार बद्री विशाल एनक्लेव निवासी ललित मोहन बिष्ट के घर में आठ जून को चोरी की घटना हुई थी। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़ा और अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। मामले में पीड़ित की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद पुलिस टीम ने विशाल मेगा मार्ट जोगीवाला के पीछे से संदीप मेहर निवासी दौड़वाला मोथरोवाला और प्रिंस सैनी निवासी बंजारावाला को गिरफ्तार कर लिया।नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए बंद मकान को निशाना बनाया था। पुलिस ने उनके कब्जे से एचपी कंपनी का लैपटॉप, गैस सिलेंडर, 1200 रुपये नकद, वादी की आईडी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।


