400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली; तब जाकर मिले छह लापता बच्चे, घूमने निकल गए थे हरिद्वार

एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल के छह छात्र छुट्टी के बाद स्कूल बस में बैठकर घर जाने के बजाय चुपचाप हरिद्वार घूमने निकल गए थे। देर शाम तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परेशान अभिभावक व स्थानीय लोग विद्यालय पहुंचे। पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।छह स्कूली बच्चों के अचानक लापता होने से बुधवार देर रात हड़कंप मच गया। पुलिस की तत्परता से कुछ ही घंटों में बच्चों को हरिद्वार से सकुशल तलाश लिया गया था।बीते बुधवार को डोईवाला क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल के छह छात्र छुट्टी के बाद स्कूल बस में बैठकर घर जाने के बजाय चुपचाप हरिद्वार घूमने निकल गए थे। देर शाम तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परेशान अभिभावक व स्थानीय लोग विद्यालय पहुंचे। पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।बच्चों की तलाश में पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सोशल मीडिया पर बच्चों की तस्वीरें प्रसारित कर व्यापक स्तर पर तलाश के लिए अभियान चलाया गया। पुलिस की सक्रियता का असर यह रहा कि बच्चों की लोकेशन हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास मिली और पुलिस टीम ने तुरंत पहुंचकर उन्हें सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्होंने मिलकर हरिद्वार घूमने की योजना बनाई थी। इसके लिए वे स्कूल बैग में घर के कपड़े भी लेकर आए थे। स्कूल की छुट्टी के बाद सभी बिना बताए हरिद्वार पहुंच गए और हर की पैड़ी पर स्नान किया। रात होने पर परिजनों की डांट के डर से वे रेलवे स्टेशन पहुंच गए और कहीं दूर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें ढूंढ निकाला और सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।




