कोटा की गूंज अब जिलों तक, युवाओं के सहारे नई सियासी जमीन तलाश रही कांग्रेस

कोटा में राहुल गांधी के छात्र संवाद को मिले सकारात्मक रेस्पॉन्स के बाद कांग्रेस ने अभियान पूरे राजस्थान में विस्तार देने का फैसला किया है। कार्यकर्ताओं को शिक्षा, रोजगार और युवा मुद्दों पर प्रशिक्षित किया जाएगा।सियासी कार्यक्रमों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी ने अब कांग्रेस को राजस्थान में नई उम्मीद नजर आ रही है। कोटा में राहुल गांधी के कार्यक्रम में मिले रेस्पांस के बाद अब राजस्थान कांग्रेस ने इस अभियान को पूरे राजस्थान में शुरू करने का फैसला लिया है। इसके लिए पार्टी ने 28 जून तक सभी जिलों में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। ये पदाधिकारी शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में राहुल गांधी के कोटा प्रेजेंटेशन का वीडियो बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं को यह प्रशिक्षण दिया जाएगा कि किस प्रकार शिक्षा, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को तथ्यों और आंकड़ों के साथ जनता तक पहुंचाया जाए।डोटासरा ने कहा कि कोटा में राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था की कमियों और युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियों को तथ्यात्मक तरीके से रखा। उन्होंने नीट परीक्षा, शिक्षा बजट, छात्रों पर बढ़ते दबाव और आत्महत्या जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।



