निराश्रित पशुओं के लिए गोशाला में नहीं बची जगह

हल्द्वानी। शहर में घूम रहे निराश्रित गोवंशीय पशुओं के लिए अब गोशाला में जगह नहीं बची है। ऐसे में पशु सड़कों, गली-मोहल्लों में घूम रहे हैं।नगर निगम की राजपुरा व हल्दूचौड़ में गोशाला बनी है। निगम प्रशासन अभियान चलाकर निराश्रित पशुओं को गोशाला पहुंचाता रहा है। अब इनकी संख्या इतनी अधिक हो गई है कि गोशाला भी भर गई है। इन दिनों अगर कोई निगम प्रशासन को निराश्रित गोवंशीय पशुओं को पकड़ने मांग कर रहा है तो उन्हें खुद ही व्यवस्था करने को कहा जा रहा है।
इससे कई क्षेत्रों में निराश्रित पशुओं से लोग परेशान हैं। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि राजपुरा व हल्दूचौड़ स्थित गोशाला में 600 पशु रखे गए हैं। हल्दूचौड़ में अभी जगह है लेकिन शेड नहीं बना है। ऐसे में वहां अब पशु रखना संभव नहीं हो पा रहा है। जल्द ही शेड निर्माण कर शहर भर में घूमने वाले निराश्रित पशुओं को गोशाला पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। संवाद